HIT AND HOT NEWS

लखनऊ: चाइनीज लहसुन की बिक्री पर हाईकोर्ट की कड़ी नाराजगी

लखनऊ में प्रतिबंधित चाइनीज लहसुन की बिक्री को लेकर हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। एक वकील द्वारा कोर्ट में आधा किलो चाइनीज लहसुन पेश किए जाने के बाद यह मामला गरमाया। अदालत ने सवाल उठाया कि 2014 से इस पर प्रतिबंध होने के बावजूद, यह खुलेआम कैसे बिक रहा है?

हाईकोर्ट ने खाद्य सुरक्षा आयुक्त और लखनऊ के डीएम को इस मामले की गहराई से जांच करने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने चाइनीज लहसुन की बढ़ती बिक्री पर असंतोष जाहिर करते हुए पूछा कि इसे रोकने के लिए क्या कारगर व्यवस्था बनाई गई है?

चिनहट बाजार में धड़ल्ले से चाइनीज लहसुन बिक रहा है, जिसे खाने से लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। सुंदर और आकर्षक दिखने वाला यह लहसुन, खाने के बाद गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।

फूड सेफ्टी विभाग और STF ने मंडियों में चाइनीज लहसुन की तलाश तेज कर दी है। यह खेप नेपाल के रास्ते महराजगंज, बहराइच और लखीमपुर खीरी से भारत में प्रवेश कर रही है। बताया जा रहा है कि चाइनीज लहसुन की खेती चीन के शेडोंग प्रांत में होती है, जो आकार में बड़ा और रंग में चमकीला सफेद होता है।

चिंता की बात यह है कि इस लहसुन में जिंक, आर्सेनिक और सिंथेटिक रसायनों जैसी हानिकारक धातुएं पाई जाती हैं, जो लीवर को नुकसान पहुंचा सकती हैं। लंबे समय तक इसका सेवन करने से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी होने की आशंका है।

यह सुनवाई मोतीलाल यादव द्वारा दायर याचिका पर हो रही है। मामले की अगली सुनवाई हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में 1 अक्टूबर को होगी।

Exit mobile version