
प्रतापगढ़। आगामी अम्बेडकर जयंती के मद्देनज़र जनपद में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर स्वयं सड़कों पर उतरे और अधिकारियों के साथ शहर में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में यह पैदल गश्त राजापाल टंकी से अंबेडकर चौराहा तक निकाली गई। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेन्द्र लाल तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर प्रशान्त राज भी मौजूद रहे। गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात जवानों की सतर्कता परखी और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की।
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने आम नागरिकों से संवाद भी किया और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता रखी जाए।
इस दौरान ड्यूटी रोस्टर की भी जांच की गई तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। शहर के प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि अम्बेडकर जयंती के सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराए जाएंगे।
इस पैदल गश्त से पुलिस की सक्रियता साफ नजर आई और नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई।
