Site icon HIT AND HOT NEWS

शादी का झांसा देकर दो वर्ष तक युवती का शोषण, शिक्षक पर गंभीर आरोप; न्याय के लिए पीड़िता करेगी बड़े नेताओं से मुलाकात

कुंडा, प्रतापगढ़। कुंडा क्षेत्र के हथिगवां थाना इलाके से एक शिक्षक की कथित करतूत का गंभीर मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र की एक युवती ने स्थानीय शिक्षक पर शादी का झांसा देकर लगभग दो वर्षों तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी भी उसी थाना क्षेत्र का निवासी है और दोनों के बीच परिवार की सहमति से रिश्ता तय हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने भरोसे का फायदा उठाया।

पीड़िता के अनुसार उसकी माता फूलमती देवी ने करीब दो वर्ष पूर्व आरोपी शिक्षक के साथ उसका रिश्ता तय किया था। रिश्ता तय होने के बाद आरोपी उसे बहला-फुसलाकर कई होटलों में ले जाता रहा और रात भर रुकता था। युवती का आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, आरोपी उसे अपने बहनोई के घर भी ले गया, जहां शादी से पहले ही उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता का कहना है कि उसके पास आरोपी के साथ के फोटो, बातचीत के रिकॉर्ड और कॉल डिटेल जैसे पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं।

न्याय की मांग को लेकर युवती ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि जैसे ही उसने शिकायत की, आरोपी शिक्षक अपने बचाव में जुट गया और अधिकारियों को झूठे प्रार्थना पत्र देकर मामले को उलझाने का प्रयास करने लगा। इतना ही नहीं, आरोपी ने एक सम्मानित पत्रकार के खिलाफ भी शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

सूत्रों के अनुसार आरोपी इसी माह कहीं और विवाह करने की तैयारी में है, जिससे पीड़िता और उसके परिवार की चिंता बढ़ गई है। युवती का आरोप है कि आरोपी उसके घर अपराधी प्रवृत्ति के लोगों को भेजकर समझौते का दबाव बना रहा है और लगातार धमकियां दी जा रही हैं। इससे परिवार दहशत में है और सुरक्षा की मांग कर रहा है।

पीड़िता ने बताया कि वह न्याय के लिए क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि राजा भइया से मुलाकात करेगी और मुख्यमंत्री से भी मिलकर अपनी बात रखेगी। इसके लिए उसने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर समय मांगा है। युवती का कहना है कि दोषी शिक्षक पर कठोर कार्रवाई होने तक वह संघर्ष जारी रखेगी।

घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गुरु के पद को कलंकित करने वाले व्यक्ति पर सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि समाज में गलत संदेश न जाए।

वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला संज्ञान में है और प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version