आज सुबह लगभग 10 बजे गायघाट पुल के पास पेट्रोल पंप से आगे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में आ रहे दो ट्रक आमने-सामने टकरा गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में दोनों ट्रक चालकों को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया और वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए प्रभावित रही।
बताया जा रहा है कि एक ट्रक में सरसों का तेल लदा हुआ था। टक्कर के बाद ट्रक का कंटेनर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे बड़ी मात्रा में तेल सड़क पर फैल गया। सड़क पर तेल बहने के कारण फिसलन की स्थिति बन गई, जिसके चलते पुलिस और स्थानीय प्रशासन को यातायात नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने तथा सड़क पर फैले तेल को साफ कराने का कार्य जारी है। हादसे के कारण क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।
