HIT AND HOT NEWS

सीजीएसटी अधीक्षक और वकील एक लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

Anoop singh

गाजियाबाद, 10 जून 2025:
सीबीआई ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अमरोहा सीजीएसटी विभाग में तैनात एक अधीक्षक और एक अधिवक्ता को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पीड़ित व्यापारी की शिकायत के बाद की गई। आरोपियों ने कारोबारी से 50 लाख रुपये की जीएसटी पेनल्टी से राहत दिलाने के नाम पर कुल चार लाख रुपये की मांग की थी।

शिकायत पर की गई कार्रवाई

अमरोहा निवासी कारोबारी गौरव सिरोही ने सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच को शिकायत दी थी कि कोरोना काल के दौरान उन्होंने अपनी कंपनी का आयकर रिटर्न दाखिल किया था, लेकिन उनका जीएसटी नंबर सस्पेंड चल रहा है। इस दौरान सीजीएसटी अधीक्षक और संबंधित वकील ने उनसे कहा कि पेनल्टी से बचने के लिए उन्हें चार लाख रुपये की रिश्वत देनी होगी।

पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीबीआई ने जाल बिछाया और पहली किश्त के रूप में दिए गए एक लाख रुपये की लेन-देन के समय दोनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

कोर्ट में पेशी और न्यायिक हिरासत

गिरफ्तारी के तुरंत बाद सीबीआई ने दोनों को मंगलवार को गाजियाबाद स्थित विशेष अदालत में पेश किया। अदालत ने सुनवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। अब दोनों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच और पूछताछ के लिए जेल भेजा गया है।

सीबीआई की सतर्कता

इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सीबीआई पूरी तरह से सतर्क और सक्रिय है। व्यापारी वर्ग में इस कार्रवाई के बाद राहत की भावना देखी जा रही है।

व्यापारियों को चेतावनी

विशेषज्ञों का कहना है कि व्यापारी वर्ग को किसी भी प्रकार की सरकारी कार्यवाही से बचने के लिए गैरकानूनी तरीके अपनाने से बचना चाहिए और यदि कोई अधिकारी या वकील रिश्वत की मांग करता है तो तुरंत इसकी शिकायत सीबीआई या संबंधित भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसियों से की जानी चाहिए।


Exit mobile version