
नई दिल्ली, 12 जून 2025 — भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के पर्वतारोहण अभियान दल को माउंट एवरेस्ट की सफल चढ़ाई के लिए सम्मानित किया। इस दल में पाँच बालिकाएं और पाँच बालक शामिल थे, जिनकी औसत आयु 19 वर्ष थी। इस दल ने 18 मई को दुनिया की सबसे ऊँची चोटी, माउंट एवरेस्ट पर विजय प्राप्त की।
यह समारोह नई दिल्ली स्थित साउथ ब्लॉक में आयोजित किया गया, जहाँ रक्षा मंत्री ने साहस, धैर्य और राष्ट्रभक्ति का परिचय देने वाले इन युवा कैडेट्स की सराहना की। अभियान का नेतृत्व कर्नल अमित बिष्ट ने किया था। उनके नेतृत्व में यह पूरी टीम बिना किसी चोट या हानि के सफलता पूर्वक एवरेस्ट फतह करने में सफल रही।
इस प्रेरणादायक उपलब्धि के सम्मान में राजनाथ सिंह ने पूरी टीम को 10 लाख रुपये का प्रोत्साहन राशि का चेक भेंट किया। उन्होंने कहा, “यह केवल एक पर्वत की चढ़ाई नहीं, बल्कि देश के युवाओं की अदम्य इच्छाशक्ति और संकल्प का प्रतीक है। इन कैडेट्स ने यह सिद्ध किया है कि भारत का युवा किसी भी चुनौती को पार करने की क्षमता रखता है।”
समारोह के दौरान कैडेट्स के चेहरों पर गर्व और उत्साह साफ झलक रहा था। उन्होंने अपने अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि कैसे उन्होंने बर्फीली हवाओं, ऑक्सीजन की कमी और खतरनाक रास्तों का सामना करते हुए अपने लक्ष्य को प्राप्त किया।
इस अवसर पर सेना और एनसीसी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। रक्षा मंत्री ने सभी को बधाई दी और भविष्य में ऐसे और अभियानों के लिए प्रोत्साहित किया।
यह अभियान ना केवल भारतीय युवाओं के लिए एक प्रेरणा है, बल्कि यह पूरे देश के लिए गौरव की बात है। एनसीसी का यह साहसिक कार्य निश्चित ही आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करेगा।