
13 जून 2025 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में हुई भीषण विमान दुर्घटना स्थल का दौरा किया। यह दुर्घटना इतनी भीषण थी कि इसके दृश्य को देखकर हर किसी का दिल दहल उठा। घटना स्थल पर बिखरी मलबे की ढेर और जले हुए भवनों की स्थिति इस हादसे की गंभीरता को दर्शा रही थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी टीमों से मुलाकात की। उन्होंने उनकी अथक मेहनत और तत्परता की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस दर्दनाक हादसे में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर पीड़ितों की हरसंभव सहायता करेंगी।
प्रधानमंत्री ने कहा, “यह त्रासदी अकल्पनीय है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। इस कठिन समय में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।”
दुर्घटना स्थल पर प्रधानमंत्री ने मलबे और क्षतिग्रस्त इमारतों का निरीक्षण किया। उन्होंने बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत कार्य में कोई कमी न रहे।
यह हादसा न केवल अहमदाबाद बल्कि पूरे देश के लिए एक गहरी पीड़ा लेकर आया है। सरकार की ओर से पीड़ित परिवारों को हरसंभव आर्थिक और मानसिक सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।