
दिल्ली, जून 2025 — दिल्ली पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने एक चार वर्षीय मासूम बच्ची को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता प्राप्त की है। यह मामला चांदनी महल थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है, जहां एक महिला ने बच्ची को अगवा कर उत्तर प्रदेश के बाराबंकी ज़िले में अपने गांव ले गई थी।
दिल्ली पुलिस की टीम ने जब इस मामले की गहराई से छानबीन की, तो उन्हें जानकारी मिली कि अपहृत बच्ची को एक महिला उत्तर प्रदेश ले गई है। महिला के बाराबंकी जिले स्थित गांव का पता लगते ही पुलिस की एक विशेष टीम तुरंत वहां रवाना हुई।
हालांकि जब टीम गांव पहुँची, तब उन्हें जानकारी मिली कि आरोपी महिला बच्ची को लेकर दिल्ली वापस लौट चुकी है। खुफिया सूत्रों के आधार पर पुलिस ने तत्काल आगे की रणनीति बनाई और दिल्ली के शांतिवन लाल बत्ती क्षेत्र में महिला को बच्ची समेत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद बच्ची को सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस की इस तत्परता और सफलता की व्यापक सराहना हो रही है।
दिल्ली पुलिस के इस साहसिक प्रयास ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि मासूमों की सुरक्षा और अपराधियों की गिरफ्तारी उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस का कहना है कि महिला से पूछताछ जारी है, और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस घटना के पीछे कोई संगठित गिरोह तो नहीं है।