HIT AND HOT NEWS

जोशीमठ में DEAL प्रयोगशाला ने SDR मैनपैक और CTCS का सफल परीक्षण किया: संचार तकनीक में आत्मनिर्भरता की ओर बड़ा कदम


Anoop singh

उत्तराखंड के जोशीमठ क्षेत्र में रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) की देहरादून स्थित रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स अनुप्रयोग प्रयोगशाला (DEAL) ने दो अत्याधुनिक संचार प्रणालियों — सॉफ्टवेयर डिफाइन्ड रेडियो मैनपैक (SDR Manpack) और कॉम्पैक्ट ट्रांसहोराइजॉन कम्युनिकेशन सिस्टम (CTCS) — का सफल फील्ड ट्रायल किया है। यह परीक्षण भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा क्षमताओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

इन उपकरणों की जांच गृह मंत्रालय (MHA) के अंतर्गत आने वाली कई प्रमुख सुरक्षा एजेंसियों और डिफेंस लैंड इंफॉर्मेशन सेंटर (DLIC) के सहयोग से की गई। परीक्षण में इंडो-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), सशस्त्र सीमा बल (SSB), सीमा सुरक्षा बल (BSF), असम राइफल्स, खुफिया ब्यूरो (IB), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) सहित अन्य केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारी शामिल हुए और सक्रिय रूप से भागीदारी निभाई।

इन दोनों प्रणालियों का मूल्यांकन अलग-अलग भौगोलिक परिस्थितियों और कठिन परिचालन स्थितियों में किया गया, ताकि वास्तविक समय में इनके प्रदर्शन की विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान, गुणवत्ता मानक (Quality Requirements) और तकनीकी दस्तावेज़ों (Technical Documents) के अनुसार इन प्रणालियों के कार्य-क्षमता मानकों की पुष्टि भी की गई।

परीक्षण के दौरान SDR मैनपैक और CTCS दोनों ने कठिन वातावरण में अपनी मजबूती, विश्वसनीयता और उच्च स्तर के संचार प्रदर्शन का परिचय दिया। इनका प्रदर्शन सभी उपयोगकर्ता एजेंसियों की परिचालन आवश्यकताओं के अनुरूप रहा, जो अत्यधिक सराहनीय है।

यह सफलता DRDO की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत वह स्वदेशी और मिशन-क्रिटिकल संचार प्रणालियों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। यह पहल भारत को रक्षा संचार तकनीक में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है और भविष्य में देश की सुरक्षा संरचना को और भी अधिक मजबूत बनाएगी।


Exit mobile version