
कोच्चि: मलयालम फिल्म निर्देशक सनिल कुमार ससिधरन को अदालत से जमानत मिल गई है। उन्हें हाल ही में कोच्चि पुलिस ने एक प्रसिद्ध महिला अभिनेत्री का पीछा करने और उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
जानकारी के अनुसार, सनिल कुमार रविवार को अमेरिका से लौटकर मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचे थे, जहां पहले से अलर्ट पर तैनात अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इसके बाद कोच्चि से गई दो सदस्यीय पुलिस टीम ने उन्हें अपने साथ ले जाकर स्थानीय पुलिस को सौंप दिया।
गौरतलब है कि जनवरी 2025 में अभिनेत्री की शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। इसी मामले को देखते हुए उनके नाम पर लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया था। अभिनेत्री का आरोप है कि निर्देशक लगातार उनका पीछा कर रहे थे और निजी जीवन में दखल देकर परेशान कर रहे थे।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच, सनिल कुमार ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट लिखकर दावा किया था कि संबंधित अभिनेत्री की जान को खतरा है और किसी “माफिया” ने उन्हें टारगेट बनाया हुआ है।
यह पहला मौका नहीं है जब सनिल कुमार पर ऐसे आरोप लगे हों। मई 2022 में भी उन्हें इसी अभिनेत्री का पीछा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, हालांकि उस समय उन्हें अदालत से राहत मिल गई थी।
फिलहाल, ताज़ा मामले में जमानत मिलने के बाद निर्देशक को बड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन जांच अभी जारी है और पुलिस का कहना है कि शिकायत से जुड़े सबूतों की गहन पड़ताल की जाएगी।