अप्रैल 1, 2026

ट्रंप ने ज़ेलेंस्की के “भूमि अदला-बदली” प्रस्ताव के विरोध पर जताई नाराज़गी, अलास्का में पुतिन से मुलाकात की तैयारी

0

वॉशिंगटन, 12 अगस्त (एएनआई): अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की की उस नीति की कड़ी आलोचना की, जिसमें उन्होंने रूस को किसी भी तरह की भूमि सौंपने से साफ इंकार कर दिया है। ट्रंप ने कहा कि वह ज़ेलेंस्की के रुख से “बेहद असहमत” हैं और यह युद्ध शुरू ही नहीं होना चाहिए था।

व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, “मैं ज़ेलेंस्की के साथ अच्छे संबंध रखता हूं, लेकिन जो उन्होंने किया है, उससे मैं बहुत गंभीर रूप से असहमत हूं। यह युद्ध कभी होना ही नहीं चाहिए था।”

ट्रंप ने हाल ही में घोषणा की थी कि वे शुक्रवार को अलास्का में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलेंगे। बताया जा रहा है कि इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच चल रहे युद्ध को खत्म करने के प्रयासों के तहत “भौगोलिक अदला-बदली” (Land Swap) पर चर्चा हो सकती है, जिसे ज़ेलेंस्की ने पिछले सप्ताह ही सख्ती से खारिज कर दिया था।

ज़ेलेंस्की ने साफ कहा था, “हम रूस को किसी भी प्रकार का इनाम नहीं देंगे। यूक्रेनी जनता शांति की हकदार है और कोई भी साझेदार इसे समझे। हम अपनी भूमि किसी कब्ज़ा करने वाले को नहीं देंगे।”

ट्रंप ने ज़ेलेंस्की की संवैधानिक अनुमति लेने वाली टिप्पणी पर नाराज़गी जताते हुए कहा, “मुझे यह सुनकर अजीब लगा कि वे कह रहे थे—‘मुझे संवैधानिक स्वीकृति लेनी होगी।’ युद्ध छेड़ने और दुश्मन को मारने के लिए उन्हें अनुमति है, लेकिन भूमि अदला-बदली के लिए मंज़ूरी चाहिए—यह बात मुझे खटकती है।”

ट्रंप ने ज़ोर देकर कहा कि भूमि अदला-बदली का विचार “यूक्रेन के भले के लिए” है, हालांकि उन्होंने यह भी माना कि यह मुद्दा काफी जटिल है। उनके शब्दों में, “इसमें अच्छा भी है, बुरा भी है, और यह काफी पेचीदा मामला है।”


प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

इन्हे भी देखें