फ़रवरी 12, 2026

बाघराय बाजार में बढ़ती चोरी से दुकानदारों का सब्र टूटा, ई-रिक्शा बैटरी चोरी के बाद सड़क पर उतरे व्यापारी

0

अंशुमान द्विवेदी

रिपोर्टर प्रतापगढ़

बाघराय (प्रतापगढ़)।
बाघराय बाजार में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े एक ई-रिक्शा से बैटरी चोरी कर ली। बताया जा रहा है कि चोर बोलेरो गाड़ी से आए थे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के व्यापारियों में आक्रोश फैल गया।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान व्यापारियों ने विरोध स्वरूप अपनी दुकानें बंद कर दीं और बाजार में चक्का जाम कर दिया। इस दौरान व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। दुकानदारों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में चोरी, छिनैती जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

स्थिति बिगड़ते देख थाना प्रभारी बाघराय श्रवण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से संवाद कर पूरे मामले की जानकारी ली और उन्हें समझाने का प्रयास किया। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि चोरी की घटना को हल्के में नहीं लिया जाएगा और जल्द ही संदिग्धों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने बाजार और आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने का आश्वासन भी दिया।

पुलिस के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने अपना विरोध समाप्त किया और चक्का जाम हटाया गया, जिसके बाद यातायात और बाजार की गतिविधियां सामान्य हो सकीं। हालांकि व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

इन्हे भी देखें