अप्रैल 12, 2026

माँ महाकाली पटना देवी धाम चितामनपुर पटना में ओपन जिम एवं हाई मास्क लाइट का उद्घाटन, क्षेत्र में खुशी की लहर

0

प्रतापगढ़/कुंडा क्षेत्र के माँ महाकाली पटना देवी धाम परिसर में 9 अप्रैल, गुरुवार को ओपन जिम एवं हाई मास्क लाइट का उद्घाटन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण कार्य को राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य के प्रयासों से साकार किया गया, जिससे क्षेत्र के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी अजीत मौर्य रहे, जिन्होंने विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज की नींव होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस ओपन जिम का नियमित उपयोग करें और अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखें। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की सुविधाएं ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं को खेल एवं व्यायाम की ओर प्रेरित करती हैं, जिससे नशे जैसी बुराइयों से भी दूर रहने में मदद मिलती है।

इस अवसर पर स्वयंसेवक संघ के शक्ति पीठ शाखा से जुड़े राजू द्विवेदी, बच्चा द्विवेदी और अवधेश सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में अन्य गणमान्य व्यक्तियों की भी उपस्थिति रही, जिनमें शिवाकांत द्विवेदी (प्रधानाचार्य, प्राथमिक विद्यालय चितामनपुर पटना), ग्राम प्रधान दिनेश यादव, पूर्व प्रधान रुद्रभान सिंह, पूर्व प्रधान छोटेलाल यादव, बद्री सिंह, रामाधार यादव, राधेश्याम यादव, उदयभान यादव, चंदन यादव सहित अनेक ग्रामीण शामिल हुए।

स्थानीय लोगों ने बताया कि ओपन जिम की सुविधा मिलने से अब युवाओं और बुजुर्गों को व्यायाम के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। वहीं हाई मास्क लाइट लगने से मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र रात में भी रोशन रहेगा, जिससे सुरक्षा और सुविधा दोनों बढ़ेंगी। विशेष रूप से शाम के समय आने वाले श्रद्धालुओं को अब किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने सांसद अमरपाल मौर्य का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार के विकास कार्य क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उद्घाटन समारोह उत्साह और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ तथा सभी ने इस सुविधा का लाभ उठाने का संकल्प लिया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

इन्हे भी देखें