गैस एजेंसियों का “डिलेवरी घोटाला”? एक नहीं, कई एजेंसियों पर उठे सवाल

कस्बा कुंडा में घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उपभोक्ताओं द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के अनुसार गैस सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग के बाद बिना डिलीवरी के ही “डिलेवरी पूर्ण” का संदेश भेजा जा रहा है, जिससे लोगों में भारी असंतोष व्याप्त है। मामला मुख्य रूप से मां अष्टभुजी इंडेन गैस एजेंसी से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायतें केवल एक एजेंसी तक सीमित नहीं हैं और आसपास की अन्य गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि ऑनलाइन गैस बुकिंग के कुछ ही समय बाद उनके मोबाइल फोन पर डिलीवरी पूरी होने का संदेश प्राप्त हो जाता है, जबकि वास्तविकता में उन्हें सिलेंडर नहीं मिलता। इसके बाद जब लोग एजेंसी पहुंचते हैं तो वहां लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता है और कई बार सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने की बात कही जाती है। इस व्यवस्था से आम उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
रजनपुर निवासी अधिवक्ता परमानंद गुप्ता ने भी इसी प्रकार की शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उन्होंने नियमित प्रक्रिया के तहत गैस बुकिंग कराई थी, लेकिन उन्हें सिलेंडर प्राप्त नहीं हुआ। इसके बावजूद उनके मोबाइल पर डिलीवरी पूर्ण होने का संदेश आ गया। उन्होंने एजेंसी स्तर पर शिकायत की, किंतु संतोषजनक समाधान नहीं मिला।
स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि फर्जी डिलीवरी दिखाकर सिलेंडरों को ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है, लेकिन लगातार सामने आ रही शिकायतों ने गैस आपूर्ति व्यवस्था की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो समस्या और बढ़ सकती है।
इस पूरे मामले को देखते हुए स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
