कुंडा व डेरवा बाजार नगर पंचायतों का “आदर्श नगर पंचायत योजना” में चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर

प्रतापगढ़। जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय रघुराज प्रताप सिंह (राजा भइया) के आशीर्वाद एवं कुशल मार्गदर्शन का परिणाम क्षेत्र के विकास के रूप में सामने आया है। कुंडा विधानसभा क्षेत्र की नगर पंचायत कुंडा तथा बाबागंज विधानसभा क्षेत्र की नवसृजित नगर पंचायत डेरवा बाजार को आदर्श नगर पंचायत योजना के अंतर्गत चयनित किया गया है। इस निर्णय से दोनों क्षेत्रों में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
बताया जा रहा है कि जनसत्ता दल के नेतृत्व में क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में नगर पंचायत कुंडा और डेरवा बाजार को आदर्श नगर पंचायत के रूप में विकसित करने के लिए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। योजना के तहत सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पार्क एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस चयन से क्षेत्र के शहरी विकास को नई गति मिलेगी। नगर पंचायतों में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, साफ-सफाई और योजनाबद्ध विकास कार्यों के माध्यम से नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय रोजगार के अवसरों में वृद्धि होने की उम्मीद है।
क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए माननीय राजा भइया का आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि उनके मार्गदर्शन में क्षेत्र लगातार विकास की ओर अग्रसर है और आने वाले समय में और भी जनहितकारी योजनाएं लागू होंगी।
आदर्श नगर पंचायत योजना में चयनित होने से कुंडा और डेरवा बाजार के सुनियोजित विकास की राह और मजबूत हुई है, जिससे क्षेत्र की पहचान एक विकसित नगर के रूप में स्थापित होने की संभावना बढ़ गई है।
