पंचायत मतदाता सूची का जनसामान्य के लिये 22 अप्रैल को होगा अंतिम प्रकाशन

प्रतापगढ़ l त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने मतदाता सूची के वृहद पुनरीक्षण की प्रक्रिया तेज कर दी है। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) शिव सहाय अवस्थी ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जारी संशोधित अधिसूचना के अनुसार पंचायतों की निर्वाचक नामावली के व्यापक पुनरीक्षण हेतु विस्तृत समय-सारिणी निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि 21 अप्रैल 2026 तक मतदाता सूचियों के कम्प्यूटरीकरण का कार्य पूरा किया जाएगा। इस दौरान मतदान केंद्रों एवं मतदान स्थलों का क्रमांकन, मतदेय स्थलों के वार्डों की मैपिंग, मतदाताओं का क्रम निर्धारण, एसवीएन (Serial Voter Number) आवंटन, मतदाता सूची का डाउनलोड, फोटो प्रतियां तैयार करने सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। प्रशासन ने इन सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी तैयारियों के बाद 22 अप्रैल 2026 को त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा, जिसे जनसामान्य के अवलोकन के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। अंतिम प्रकाशन के बाद मतदाता सूची पंचायत चुनाव की आगामी प्रक्रियाओं का आधार बनेगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान यदि कोई सार्वजनिक अवकाश पड़ता है, तो संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे और कार्य प्रभावित नहीं होगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अंतिम प्रकाशन के बाद अपनी-अपनी मतदाता सूची का अवलोकन अवश्य करें, ताकि पंचायत चुनाव में भागीदारी सुनिश्चित हो सके। यह जानकारी जिला सूचना कार्यालय, प्रतापगढ़ द्वारा प्रसारित की गई है।
