दिल्ली-एनसीआर और झज्जर में तेज़ बारिश व आंधी-तूफान का कहर, आईएमडी ने जारी किया रेड अलर्ट

नई दिल्ली, 25 मई – राजधानी दिल्ली, एनसीआर और हरियाणा के झज्जर जिले में शनिवार को तेज़ बारिश और गरज के साथ आंधी-तूफान ने कई इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिसमें अगले दो से तीन घंटों में तेज़ बारिश, बिजली चमकने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज़ हवाओं की चेतावनी दी गई है।
आईएमडी के अनुसार, यह चेतावनी ‘Nowcast’ अलर्ट के तहत जारी की गई है, जो वर्तमान मौसम की स्थिति पर आधारित होती है। विभाग ने जानकारी दी है कि एक तेज़ गरज वाला बादल-पुंज (Thunderstorm Cell) पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से अगले एक से दो घंटों में राजधानी के कई हिस्सों में तेज़ आंधी, धूल भरी आंधी, बिजली गिरने और ज़ोरदार हवाएं चलने की संभावना है।
सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से खुले स्थानों पर जाने से बचने और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है। साथ ही अस्थिर दीवारों और कमजोर ढांचों से दूर रहने को कहा गया है। नागरिकों को जलाशयों या जल स्रोतों के पास भी जाने से परहेज़ करने की चेतावनी दी गई है।
फसलों और पेड़ों को नुकसान की आशंका
तेज़ हवाओं के कारण पेड़ उखड़ने और शाखाएं टूटने की घटनाएं हो सकती हैं। खास तौर पर केले और पपीते जैसी फसलों को मध्यम स्तर का नुकसान पहुंच सकता है। सूखी टहनियां भी तेज़ हवा के कारण गिर सकती हैं। वहीं कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी भी देखने को मिल सकती है।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, मौसम विभाग की सलाह पर ध्यान देने और आपात स्थिति में तुरंत सहायता लेने की अपील की है।
