सरकार ने सोनम वांगचुक की हिरासत समाप्त करने का निर्णय लिया

केंद्र सरकार ने लद्दाख में शांति और स्थिरता बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पर्यावरण कार्यकर्ता की हिरासत समाप्त करने का फैसला किया है। यह निर्णय राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत उपलब्ध अधिकारों का उपयोग करते हुए लिया गया है और इसे तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
सरकार का कहना है कि लद्दाख में आपसी विश्वास, सामाजिक समरसता और स्थिरता का वातावरण बनाना उसकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से विभिन्न सामाजिक संगठनों, समुदायों के प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों के साथ निरंतर संवाद जारी है ताकि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सके।
हिरासत की पृष्ठभूमि
दरअसल, 24 सितंबर 2025 को लेह में कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति गंभीर हो गई थी। सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लेह के जिला मजिस्ट्रेट ने कार्रवाई करते हुए 26 सितंबर 2025 को सोनम वांगचुक को के प्रावधानों के अंतर्गत हिरासत में लेने का आदेश जारी किया था।
अब तक वे इस अधिनियम के तहत निर्धारित हिरासत अवधि का लगभग आधा समय पूरा कर चुके थे। परिस्थितियों की समीक्षा और क्षेत्रीय माहौल को ध्यान में रखते हुए सरकार ने उनकी हिरासत समाप्त करने का निर्णय लिया है।
बंद और विरोध से प्रभावित हुई अर्थव्यवस्था
सरकार के अनुसार, हाल के समय में बंद और विरोध प्रदर्शनों के कारण लद्दाख के सामाजिक और आर्थिक जीवन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। इसका असर छात्रों, नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं, व्यापारियों, पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों और पर्यटकों पर भी देखने को मिला है। इसके साथ ही क्षेत्र की अर्थव्यवस्था पर भी दबाव बढ़ा है।
संवाद से समाधान की उम्मीद
सरकार ने दोहराया है कि लद्दाख में शांति और स्थिरता कायम रखना उसकी प्रतिबद्धता है। साथ ही यह उम्मीद भी जताई गई है कि उच्चाधिकार प्राप्त समितियों तथा अन्य संवाद मंचों के माध्यम से रचनात्मक बातचीत आगे बढ़ेगी और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों का समाधान निकाला जा सकेगा।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि लद्दाख की सुरक्षा और विकास के लिए आवश्यक सभी कदम आगे भी उठाए जाते रहेंगे।
