प्रतापगढ़ पुलिस लाइन में दीक्षांत परेड से पूर्व भव्य ग्रैंड रिहर्सल सम्पन्न, प्रशिक्षु आरक्षियों ने दिखाई उत्कृष्ट दक्षता

प्रतापगढ़। जनपद में आरक्षी पुलिस सीधी भर्ती वर्ष 2025-26 बैच के प्रशिक्षु आरक्षियों का आधारभूत प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 26 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली दीक्षांत परेड (Passing Out Parade) से पहले शुक्रवार को पुलिस लाइन, प्रतापगढ़ में भव्य ग्रैंड रिहर्सल का आयोजन किया गया। यह रिहर्सल रिजर्व पुलिस लाइन्स के परेड ग्राउंड पर पूर्ण अनुशासन, गरिमा और निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत संपन्न हुआ।
रिहर्सल के दौरान प्रशिक्षु आरक्षियों ने कदमताल, ड्रिल और समन्वय का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। परेड की हर गतिविधि को बारीकी से परखा गया और मुख्य समारोह को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर उपस्थित रहे। उन्होंने परेड की सलामी ली और उसके बाद पूरे दल का सूक्ष्म निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आरक्षियों के टर्न-आउट, अनुशासन और ड्रिल की उच्च गुणवत्ता को देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। साथ ही आयोजन को त्रुटिहीन ढंग से संपन्न कराने हेतु अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
रिहर्सल के दौरान प्रशिक्षु आरक्षियों को राष्ट्र सेवा, कर्तव्यों के प्रति निष्ठा और भारतीय संविधान के प्रति सत्यनिष्ठा की शपथ भी दिलाई गई। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे इन युवा आरक्षियों में देशभक्ति, समर्पण और सेवा भावना का विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रशिक्षण अवधि के दौरान विभिन्न इण्डोर और आउटडोर गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरक्षियों को पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए एसपी दीपक भूकर ने कहा कि “पुलिस बल में अनुशासन हमारी सबसे बड़ी ताकत है। प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई बातों को अब जमीनी स्तर पर लागू करने का समय आ गया है। जनता के प्रति संवेदनशीलता और अपराधियों के प्रति कठोरता ही एक आदर्श पुलिसकर्मी की पहचान है।”
उन्होंने सभी प्रशिक्षु आरक्षियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कर्तव्यों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर प्रशान्त राज, क्षेत्राधिकारी लाइन शिवनारायण वैस, प्रतिसार निरीक्षक राजीव राय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
अब सभी की निगाहें 26 अप्रैल को होने वाली मुख्य दीक्षांत परेड पर टिकी हैं, जहां प्रशिक्षु आरक्षी औपचारिक रूप से पुलिस बल का हिस्सा बनेंगे।
