मई 18, 2026

कौशांबी में दर्दनाक हादसा: यमुना में नहाने गए युवक का शव बरामद, परिवार में मचा कोहराम

0

दिनेश द्विवेदी  कौशाम्बी

रिपोर्टर हिट एंड हॉट न्यूज़

जनपद में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। यमुना नदी में स्नान करने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। करीब 24 घंटे तक चले खोज अभियान के बाद एनडीआरएफ और पुलिस टीम ने युवक का शव बरामद किया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मची हुई है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गुरौली चौकी अंतर्गत तारा का पुरा गांव निवासी तुलसीदास निषाद के पुत्र अमन कुमार की उम्र लगभग 16 से 18 वर्ष बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि अमन अपने चार अन्य साथियों के साथ महिला घाट पर यमुना नदी में स्नान करने गया था। स्नान के दौरान अचानक अमन गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

अमन को डूबता देख उसके साथ मौजूद चारों युवकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वे सफल नहीं हो सके। घटना के बाद घबराए साथियों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू कर दी गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। लगातार कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद आखिरकार युवक का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव के लोगों की आंखें भी नम दिखाई दीं।

मौके पर गुरौली चौकी इंचार्ज समेत पुलिस विभाग का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। वहीं क्षेत्र के पूर्व प्रधान के भाई सुनील मिश्रा ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

इस घटना ने एक बार फिर नदी और तालाबों में स्नान के दौरान सावधानी बरतने की आवश्यकता को उजागर किया है। गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में लोग नदियों में स्नान करने पहुंचते हैं, लेकिन जरा सी लापरवाही बड़ा हादसा बन जाती है। प्रशासन द्वारा भी लोगों से गहरे पानी में न जाने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की जाती रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

इन्हे भी देखें