नोएडा के बाजारों में चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस ने छह लोगों को किया गिरफ्तार

नोएडा के भीड़भाड़ वाले बाजारों में चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए थाना सेक्टर-24 की पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह ऑटो में सवार होकर नोएडा पहुंचता था और भीड़भाड़ वाले बाजारों में जाकर अपना निशाना बनाता था। गिरोह के सदस्य सबसे पहले रेकी करते और फिर एक संगठित तरीके से चोरी की घटना को अंजाम देते।
गिरोह के सदस्य भीड़ में घुसकर अपने टारगेट को चारों तरफ से घेर लेते थे। इसके बाद एक व्यक्ति सामने वाले का ध्यान भटकाने के लिए बातचीत शुरू करता, जबकि दूसरा व्यक्ति पर्स, मोबाइल या अन्य कीमती सामान चुरा लेता। फिर वह सामान गिरोह के अन्य सदस्यों को सौंपकर मौके से फरार हो जाते। पुलिस को इस गिरोह की काफी समय से तलाश थी और त्योहारी सीजन में इनकी गतिविधियां तेजी से बढ़ गई थीं।
गिरोह खासकर नवरात्र, दशहरा और मेलों जैसे बड़े आयोजनों के दौरान सक्रिय हो जाता था, जब भीड़ का फायदा उठाकर कई लोगों को एक साथ निशाना बनाते थे। इनकी चोरी करने की शैली बेहद योजनाबद्ध थी, जिससे ये आसानी से भीड़ का फायदा उठाकर घटना को अंजाम देते और पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो जाते थे।
पुलिस की सतर्कता और लगातार निगरानी के बाद आखिरकार इस गिरोह को पकड़ने में सफलता मिली है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भी तलाश कर रही है ताकि बाजारों में हो रही इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।
