मई 7, 2026

उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने आतंकवाद और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोरखपुर और बाराबंकी से दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई प्रदेश में अपराध और आतंक के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों के तार पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आईएसआई से जुड़े पाए गए हैं।

0

ATS की जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पाकिस्तान के कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी, आबिद जट और हम्माद के संपर्क में थे। इनके कब्जे से दो अवैध हथियार और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मोबाइल फोन की जांच के दौरान कई चौंकाने वाले सबूत मिले हैं, जिनमें महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, पुलिस थानों और संवेदनशील स्थानों की रेकी से जुड़े वीडियो और लोकेशन साझा करने के प्रमाण शामिल हैं।

सांकेतिक तस्वीर

जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों ने पाकिस्तानी गैंगस्टरों के निर्देश पर संवेदनशील संस्थानों की जानकारी साझा की थी। इसके साथ ही आतंकी घटना को अंजाम देने के लिए हथियार और धन की मांग भी की गई थी। बरामद मोबाइल फोन में ऐसे ऑडियो और वीडियो भी मिले हैं जिनमें वर्दीधारी व्यक्तियों पर हमला करने के निर्देश दिए जा रहे थे।

ATS अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी सफलता है। समय रहते इन संदिग्धों की गिरफ्तारी से किसी बड़ी आतंकी साजिश को विफल किया गया है। एजेंसियां अब आरोपियों के अन्य साथियों और विदेशी संपर्कों की गहराई से जांच कर रही हैं।

उत्तर प्रदेश पुलिस और ATS की इस कार्रवाई की सोशल मीडिया पर भी सराहना हो रही है। लोगों ने इसे देश और प्रदेश की सुरक्षा के लिए अहम कदम बताते हुए #GoodJobATS और #UPPAgainstCrime अभियान के तहत पुलिस का मनोबल बढ़ाया है।

प्रदेश सरकार लगातार यह संदेश दे रही है कि अपराध, आतंकवाद और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ATS की यह कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और मजबूत खुफिया तंत्र का बड़ा उदाहरण मानी जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

इन्हे भी देखें