मऊ चित्रकूट में दर्दनाक हादसा: प्राथमिक विद्यालय की अर्धनिर्मित दीवार गिरने से 12 वर्षीय बालक की मौत

पंकज त्रिपाठी मऊ चित्रकूट
रिपोर्टर हिट एंड हॉट न्यूज़
क्षेत्र के ग्राम पंचायत शेशा अंतर्गत पटोरी प्राथमिक विद्यालय में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से 12 वर्षीय बालक मनोज पुत्र अमन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल व्याप्त है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब विद्यालय परिसर के आसपास बच्चे मौजूद थे। अचानक अर्धनिर्मित दीवार गिरने से अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बालक को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलते ही के थाना अध्यक्ष मऊ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से बातचीत कर जानकारी जुटाई।

इस हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का आरोप है कि विद्यालय की दीवार बेहद घटिया निर्माण सामग्री से बनाई जा रही थी और निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य की समय रहते निगरानी की गई होती, तो शायद यह दर्दनाक हादसा टल सकता था।
घटना ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों, विशेषकर बेसिक शिक्षा विभाग और निर्माण कार्य से जुड़े जिम्मेदार लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।
यह हादसा केवल एक परिवार का दुख नहीं, बल्कि सरकारी निर्माण कार्यों में लापरवाही और गुणवत्ता की अनदेखी का गंभीर उदाहरण बनकर सामने आया है। यदि प्रशासन समय रहते निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करे, तो भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सकता है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक घटना को लेकर गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है।
