फेसबुक पोस्ट पर बढ़ा विवाद बना हिंसा का कारण, एक की मौत, कई घायल

चित्रकूट, उत्तर प्रदेश:
चित्रकूट जनपद के मऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपरारौंद में सोशल मीडिया पर डाली गई एक फेसबुक पोस्ट ने दो पक्षों के बीच गहरा विवाद खड़ा कर दिया। यह वाद-विवाद देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा और लाठी-डंडों से हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान राम शिरोमणि के रूप में हुई है, जो राकेश सिंह के पिता थे। घटना के समय वह बीच-बचाव करने पहुंचे थे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्हें पीएचसी से जिला अस्पताल लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में आठ बच्चे हैं, जिनमें पाँच बेटियाँ और तीन बेटे शामिल हैं। यह हृदयविदारक घटना पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल पैदा कर गई है।
घटना की सूचना पर क्षेत्रीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी दुर्विजय सिंह ने जानकारी दी कि इस मामले में आईपीसी की धारा 115(2), 103(1), 352, 351(3) तथा बीएनएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है।
राकेश सिंह की शिकायत पर जिन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है उनमें चंद्रकांत पांडे, छोटू पांडे, रजनीश पांडे, रमण निवास पांडे और जानू पांडे शामिल हैं। आरोप है कि इन सभी ने मिलकर लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे यह घटना हुई।
स्थानीय लोग सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और उकसावे वाली पोस्टों को लेकर चिंतित हैं और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी।
