अप्रैल 19, 2026

शादीशुदा और दो बच्चों का पिता बना हैवान: वर्षों से छेड़छाड़ के बाद युवती को बहला-फुसलाकर ले गया, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

0

बाबागंज/प्रतापगढ़। महेशगंज थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज और गंभीर मामला सामने आया, जिसने क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया। आरोप है कि शादीशुदा और दो बच्चों का पिता एक युवक लंबे समय से दूसरे समुदाय की युवती पर बुरी नजर रखे हुए था और उसे लगातार परेशान कर रहा था। पीड़िता के भाई ने बताया कि आरोपी पिछले लगभग छह वर्षों से उसकी बहन का पीछा कर रहा था, उस पर अभद्र टिप्पणियां करता था और मौका मिलते ही छेड़छाड़ करता था। परिजनों के अनुसार उस दौरान युवती नाबालिग थी, जिससे मामला और भी गंभीर हो जाता है।

परिवार का कहना है कि आरोपी की हरकतें समय के साथ बढ़ती चली गईं। युवती की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई बार उसे रिश्तेदारों के यहां भेजा गया, लेकिन आरोपी फोन कॉल और अन्य माध्यमों से उसका पीछा नहीं छोड़ रहा था। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इन धमकियों के कारण परिवार लंबे समय से भय और तनाव में जी रहा था।

मामले ने 13 अप्रैल 2026 को खतरनाक मोड़ ले लिया, जब आरोपी कथित तौर पर युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तत्काल स्थानीय थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी सोशल मीडिया पर अवैध असलहा लहराते हुए अपनी दबंगई दिखाता था और इलाके में भय का माहौल बनाने की कोशिश करता था।

शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ के निर्देशन में थाना महेशगंज पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। अपहरण और दुष्कर्म से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली और थाना महेशगंज पुलिस ने वांछित अभियुक्त को थाना क्षेत्र के गंगा एक्सप्रेस-वे स्थित आईटीडी प्लांट, आजाद नगर के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की गई, जिसमें मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी मिलने की बात कही जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और युवती की बरामदगी व अन्य तथ्यों की जांच भी जारी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है। वहीं पुलिस ने भी स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

इन्हे भी देखें