मार्च 30, 2026

ऑपरेशन सिंदूर: आतंक के अड्डों पर भारत की निर्णायक कार्यवाही

0

नई दिल्ली, 7 मई 2025 — भारत ने “ऑपरेशन सिंदूर” के माध्यम से पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकवादी शिविरों पर कड़ा प्रहार किया है। यह अभियान 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के जवाब में किया गया, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई थी।

इस सैन्य कार्रवाई के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों ने नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया और उन्हें ध्वस्त किया। इस ऑपरेशन ने स्पष्ट कर दिया है कि भारत अब आतंक के खिलाफ सिर्फ निंदा नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई की नीति पर चल रहा है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस अभियान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह भारत की रक्षा नीति का मजबूत उदाहरण है, जिसमें आतंकवाद के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत की सरकार हर उस व्यक्ति को जवाबदेह ठहराएगी जो हमारे देश के खिलाफ आतंक फैलाने में शामिल है।

अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर सीतारमण ने लिखा कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना की ओर से आतंक के अड्डों पर सीधी और सशक्त कार्रवाई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आतंकवाद के खिलाफ कठोर रुख अपनाएगा।

विदेश सचिव विक्रम मिस्री, कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने बुधवार को मीडिया को ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खुफिया एजेंसियों ने संभावित आतंकी हमलों की चेतावनी दी थी, जिसके बाद भारतीय सेना ने समय रहते कार्रवाई की योजना बनाई और उसे सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

विक्रम मिस्री ने कहा कि यह ऑपरेशन न सिर्फ जवाबी कार्रवाई थी, बल्कि भविष्य में होने वाले संभावित हमलों को भी रोकने की एक रणनीतिक पहल है।

देशभर में इस अभियान को व्यापक समर्थन मिल रहा है और इसे भारत की आतंक के खिलाफ सख्त नीति का प्रतीक माना जा रहा है। ऑपरेशन सिंदूर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारत अपनी संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के मामले में किसी भी हद तक जाने को तैयार है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

इन्हे भी देखें